सोनभद्र में भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी।
आमजन से सतर्क रहने की अपील
सोनभद्र। भारत मौसम विज्ञान विभाग, क्षेत्रीय मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद सोनभद्र में आगामी कुछ दिनों में वर्षा एवं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। विशेष रूप से 24 से 27 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
जारी पूर्वानुमान के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की गई है। भारी वर्षा के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव अथवा अस्थायी बाढ़, मौसमी नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि, कच्चे एवं असुरक्षित भवनों को क्षति, विद्युत व्यवस्था में व्यवधान तथा फिसलन एवं कम दृश्यता के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान नदी, नालों एवं जलाशयों के समीप जाने से बचें तथा उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें। निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें तथा कच्चे अथवा जर्जर भवनों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। गड्ढों, पोखरों एवं तालाबों में स्नान करने से बचें तथा खतरे के निशान के आसपास बह रही नदियों से दूर रहें।
यात्रा के दौरान मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं तथा आवश्यकता न होने पर भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन तंत्र को तत्काल सूचना दें।
जनपदवासियों से अपील है कि मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र


0 टिप्पणियाँ